उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक होटल में भीषण आग लग गई है। देखते ही देखते आग चारों तरफ फैल गई। जिस कारण आसपास की दुकानें भी आग की चपेट में आ गई। इस दौरान एक व्यक्ति आग में झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के रेलवे स्टेशन स्थित रोशनी होटल में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। जिस कारण मौके पर ही हड़कंप मच गया। धीरे-धीरे आग चारों तरफ फैलने लगी और होटल में रखे गैस सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग और भी ज्यादा भड़क गई। जिसकी चपेट में करीब 6 दुकानों आ गई।
इस दौरान किसी तरह लोगों ने अपनी जान बचाई। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। कहा जा रहा है कि आग की चपेट में एक व्यक्ति आ गया। आनन-फानन में उसे पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक, फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझा दी है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है।