Lok Sabha Election 2024: केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को बलिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। साथ ही विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। राजनाथ सिंह ने कहा कि नेताओं की कथनी और करनी में काफी अंतर होता है, जिस कारण लोगों में विश्वास का संकट पैदा हो गया है। लेकिन, बीजेपी ने सभी चुनौती को स्वीकार किया है। अपने सारे वादे पूरे किए हैं।
दरअसल, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा आयोजित की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आज गठबंधन करके लोकसभा चुनाव 2024 का चुनाव लड़ रही है। उसे पता है कि अब वो समाप्ति की ओर बढ़ रही है, जिसे लोग समाप्तवादी पार्टी कह रहे हैं। 2014 में ही साइकिल की चेन उतर गई थी, जो 2017 और 2022 में भी नहीं चढ़ सकी। 2024 में भी नहीं चढ़ेगी।
राजनाथ सिंह आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लोगों ने अब लुप्त पार्टी मान लिया है, जैसे कि विश्व में डायनासोर समाप्त हो गए, ठीक वैसे ही कांग्रेस भी अब समाप्त हो रही है। बता दें, चुनाव आयोग के अनुसार बलिया में लोकसभा सभा का चुनाव सातवें चरण में होगा। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान एक जून को होगा।