CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मिल्कीपुर के विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में अयोध्या को 1,000 करोड़ की सौगात दी। सीएम योगी ने 83 करोड़ की 37 योजनाओं का लोकार्पण किया है। वहीं, 921 करोड़ की 46 योजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास भी किया।
सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा अयोध्या के घाटों पर दीपोत्सव में जब दीप जलते हैं तो दो लोगों को परेशानी होती है। एक सपा मुखिया को, दूसरा पाकिस्तान को। क्योंकि इनको मालूम है अयोध्या में जलने वाला एक-एक दीप अयोध्या ही नहीं देश-प्रदेश को रोशन करेगा।
सपा को डकैती करने के लिए अंधेरा चाहिए: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में जलने वाला एक-एक दीप मानवता के लिए कैंसर बन चुके पाकिस्तान को भी नेस्तनाबूद करने का सामर्थ्य रखता है। पाकिस्तान तो परेशान होगा ही, वो भारत का दुश्मन है, लेकिन हिन्दू विरोधी पार्टी समाजवादी पार्टी को भी परेशानी होती है। क्योंकि ये अंधेरे में रहने के अभ्यस्त है, इनको अंधेरा चाहिए, डकैती करने के लिए इनको अंधेरा चाहिए।
श्री अयोध्या जी के मंदिरों में और घाटों पर जब दीप जलते हैं तो परेशानी दो लोगों को होती है…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 19, 2024
एक सपा मुखिया को और दूसरा पाकिस्तान को… pic.twitter.com/8gbv83ZpzJ
अगर काला चिट्ठा निकालेंगे तो ये मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे: सीएम योगी
सीएम योगी ने आगे कहा कि आज अयोध्या सुंदर हो रही है, इसलिए इनको परेशानी तो होगी ही। क्योंकि इनको विवादित ढांचा प्यारा था, जिसको रामभक्तों ने नेस्तनाबूद कर दिया था। ये लोग रामभक्तों पर गोली चलाते थे, जिनके हाथ खून से सने हों, वो अयोध्या की चर्चा करते हैं तो लोग हंसते हैं। इनके एक-एक काले कारनामों को निकालेंगे तो पता चलेगा। इन्होंने भदरसा में जो किया किसी से छिपा नहीं है, अगर काला चिट्ठा निकालेंगे तो ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे।
रामभक्तों के खून से जिनके हाथ सने हुए हों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 19, 2024
वे जब श्री अयोध्या जी की चर्चा करते हैं, तो बड़ा आश्चर्य होता है…
लोग हंसते हैं… pic.twitter.com/1JjIxBMHeC
सपा के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है: सीएम योगी
सीएम योगी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आज अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी बनने की ओर अग्रसर है। इसे ये समाजवादी पार्टी के लोग कैसे स्वीकार कर सकते हैं। विकास कभी इनका एजेंडा नहीं रहा। जितने प्रदेश के संगठित अपराध में लिप्त जितने माफिया थे, चाहे वो प्रयागराज का रहा हो या गाजीपुर का रहा हो, चाहे रामपुर या अम्बेडकर नगर का रहा हो, ये सब इनके चचा जान थे। माफियाओं के सामने नाक रगड़ने वाला व्यक्ति, दंगाइयों के सामने घुटने टेकने वाला व्यक्ति आज संत परम्परा को माफिया कहता है। यही उनके संस्कार है, इसीलिए मैं कहता हूं इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है।
माफियाओं के सामने नाक रगड़ने वाला, दंगाइयों के सामने घुटने टेकने वाला व्यक्ति,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 19, 2024
आज भारत की 'संत परंपरा' को माफिया कहता है… pic.twitter.com/cfNv8OqpHv
‘जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही सपा के…’
सीएम योगी ने आगे कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के दरिंदे, जो बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, ये कभी ठीक नहीं हो सकते। इनको कानून के दायरे में लाकर शिकंजा कसने की आवश्यकता है, वही सरकार कर रही है।
जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के दरिंदे, जो बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, वे भी कभी ठीक नहीं हो सकते…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 19, 2024
इनको कानून के दायरे में लाकर हमारी सरकार वही कार्य कर रही है, जिसके ये पात्र हैं… pic.twitter.com/saonpCHRir