यूपी के देवरिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मकान में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां एक के बाद एक सांपों के निकलने का सिलसिला शुरू हुआ। इतनी बड़ी संख्या में सांपों को देख लोगों में हडकंप मच गया। कहा जा रहा है कि मकान से कुल 17 कोबरा सांप निकले हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र के कपरवार इलाके का है। यहां एक मकान में काफी संख्या में कोबरा सांप निकलने लगे, जिसे देख लोगों में दहशत फैल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। इसके बाद सावधानी बरतते हुए 17 सांपों का रेस्क्यू किया गया। इन सभी सांपों को बड़ी सावधानी से डिब्बे में बंद कर उग्रसेन सेतु नदी के पार छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही शोर की आवाज सुनी तो सभी लोग मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर होश ही उड़ गए। इतनी ज्यादा संख्या में सांप थे वो भी कोबरा। इसके बाद जैसे-तैसे सभी ने हिम्मत दिखाकर सांपों को पकड़ा। लेकिन इस दौरान कुछ सांप इधर-उधर भाग निकले। हालांकि, लोगों के मन में अभी भी डर का माहौल है।