Ayodhya Minor Rape Case: अयोध्या में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म के बाद प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भाजपा के निशाने पर हैं। भाजपा के नेता सपा पर रेप केस के आरोपी मोईद खान को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। रेप के आरोपियों के डीएनए टेस्ट वाले अखिलेश यादव के बयान पर अब एक भाजपा नेता ने मुलायम सिंह का बयान याद दिलाते हुए एक होर्डिंग लगाई है।
मोईद है गलती हो जाती है… भाजपा ने सपा पर साधा निशाना
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के 1090 चौराहे पर अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में लिखा हुआ है, लड़के हैं गलती हो जाती है…। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव डीएनए टेस्ट की बात कह कर क्या साबित करना चाहते हैं। मोईद है गलती हो जाती है। पोस्टर भाजपा की अवध क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्वेता सिंह की ओर से लगाने का दावा किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कही थी DNA टेस्ट कराने की बात (Ayodhya Minor Rape Case)
दरअसल, शनिवार को अखिलेश यादव ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराने की बात कही थी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है उनका DNA TEST कराकर इंसाफ़ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए। जो भी दोषी हों, उसे क़ानून के हिसाब से पूरी सज़ा दी जाए, लेकिन अगर DNA TEST के बाद आरोप झूठे साबित हों, तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए। यही न्याय की माँग है। अखिलेश की इस मांग के बाद प्रदेश की सियासत तेज हो गई है।”
कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है उनका DNA TEST कराकर इंसाफ़ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए। जो भी दोषी हो उसे क़ानून के हिसाब से पूरी सज़ा दी जाए, लेकिन अगर DNA TEST के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए।…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 3, 2024
‘कांग्रेस के मोहरा’ अखिलेश यादव… केशव प्रसाद मौर्य ने कसा तंज
वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘कांग्रेस के मोहरा’ अखिलेश यादव इस मामले में न्यायालय की बात कर गुमराह न करें। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कांग्रेस के मोहरा अखिलेश यादव निषाद समाज की पीड़ित बेटी के मामले में पहले आप PDA भूल DNA अब न्यायालय की बात कर गुमराह न करें। आपको वोट बैंक के नाराज़ होने की चिंता है, प्रदेशवासियों को दोषी को दंड पीड़ित को न्याय दिलाने की अपेक्षा है। सरकार अपनी ज़िम्मेदारी निभाएगी।”
कांग्रेस के मोहरा श्री @yadavakhilesh निषाद समाज की पीड़ित बेटी के मामले में पहले आप PDA भूल DNA अब न्यायालय की बात कर गुमराह न करें।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) August 4, 2024
आपको वोट बैंक के नाराज़ होने की चिंता है,
प्रदेशवासियों को दोषी को दंड पीड़ित को न्याय दिलाने की अपेक्षा है।
सरकार अपनी ज़िम्मेदारी निभायेंगी।
मोईद खान के खिलाफ योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन
अयोध्या गैंगरेप केस में योगी सरकार के निर्देश के बाद आरोपी सपा नेता मोईद खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। बाबा का बुलडोजर मुख्य आरोपी मोईद खान की बेकरी पर लाया गया। यहां पहले छापेमारी की गई। इसके बाद बेकरी के अंदर बनाए गए सामान को सैंपलिंग के लिए भेजा गया और फिर बेकरी पर बुलडोजर चला दिया गया। साथ ही बेकरी का लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा। वहीं, शुक्रवार को ही राजस्व विभाग ने आरोपी की संपत्ति की पैमाइश की थी।
#WATCH | Uttar Pradesh | Demolition underway at the bakery of SP leader Moeed Khan, the main accused in the gang rape of a minor girl, in Ayodhya. pic.twitter.com/msA23T12sc
— ANI (@ANI) August 3, 2024
क्या है पूरा मामला? (Ayodhya Minor Rape Case)
दरअसल, अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र की एक मासूम के साथ पहले तो दुष्कर्म किया गया और फिर उसका वीडियो बनाया गया। जब दरिंदो का मन इससे भी नहीं भरा तो उन्होंने उस वीडियो को दिखाकर मासूम के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। मामले का खुलासा तब हुआ जब वो मासूम दो महीने की गर्भवती हो गई।
उस मासूम के साथ हुई इस घिनौनी वारदात की गूंज यूपी के विधानसभा में भी गूंजी। इस मामले को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को घेरा है, क्योंकि आरोपियों में से एक समाजवादी पार्टी का नेता है। सीएम योगी का कहना है कि दुष्कर्म का आरोपी समाजवादी पार्टी का है, जिसने पिछड़ी जाति की एक बच्ची के साथ कुकृत्य किया है। लेकिन सपा ने अब तक कोई एक्शन नहीं लिया।
Ayodhya Rape Case: सांसद अवधेश प्रसाद ने दोहराई अखिलेश की मांग, हो DNA टेस्ट
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। सपा नेता मोईद खान इस घिनौनी वारदात में शामिल पाया गया, जो अयोध्या के सांसद के साथ रहता है। उन्हीं के साथ उठता है, खाता है। उनकी ही टीम का सदस्य है, लेकिन सपा ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। सीएम ने कहा कि बच्ची अति पिछड़ी जाति से है। लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया।