दिन रात मेहनत-मजदूरी करके एक शख्स ने अपनी पत्नी के सपने को साकार किया। उसे पढ़ाया, लिखाया और फिर लेखपाल बनाया। बदले में पत्नी के साथ के बजाए उस पति को धोखा मिला, क्योंकि लेखपाल की नौकरी मिलते ही महिला के रंग ही बदल गए। वह अपने पति से तो अलग हुई ही और शादी से भी साफ इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि कभी उसकी शादी नहीं हुई। हालांकि, अब सोशल मीडिया पर दोनों की शादी के कई फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं, जो महिला की ओर से बोले गए झूठ की पोल खोल रहे हैं।
लेखपाल बनते ही पत्नी ने शादी से किया इनकार
जानकारी के मुताबिक, यह मामला झांसी से सामने आया है। इस मामले को लेकर जब मीडिया ने सवाल पूछे तो ऋचा ने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया और कहा कि उसकी कोई शादी नहीं हुई है। हालांकि, दोनों की शादी के कई फोटो और वीडियो सामने आए हैं, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि नीरज और ऋचा दोनों शादी की रस्में निभा रहे हैं और ऋचा की मांग भराई हो रही है।
पति नीरज का कहना है कि उसने मजदूरी कर बड़ी मेहनत से अपनी पत्नी को सरकारी नौकरी की तैयारी कराई थी, लेकिन नौकरी मिलते ही वो मुझे छोड़कर चली गई। नीरज का दावा है कि ऋचा सोनी और उसकी करीब ढाई साल पहले मध्य प्रदेश के ओरछा में लव मैरिज हुई थी।
दोस्त के घर पर हुई थी पहली मुलाकात
नीरज आगे कहता है कि वो कारपेंटर का काम करता है। आज से लगभग 5 से 6 साल पहले झांसी के ही सत्यम कॉलोनी में रहने वाली ऋचा से उसकी मुलाकात दोस्त के घर पर हुई थी। उस वक्त वो बच्चों का पढ़ाने आती थी। दोनों मिलने लगे और फिर दोस्ती हो गई, जिसके बाद धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने फरवरी, 2022 में ओरछा में शादी कर ली।