Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दो मंजिला मकान की छत गिरने से एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख पुकार मच गई। वहीं, सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैनपुरी के इब्राहिमपुर गांव में आज सुबह करीब 8:30 बजे दो मंजिला मकान की छत का लेंटर भरभराकर गिर पड़ा। धमाका इतना तेज था कि गांव वाले दहशत में आ गए। वहीं, मलबे में दबकर परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नेहा (40), प्रीति (34) और अनुपम (28) के रूप में हुई। परिवार के दो सदस्य पन्नालाल फौजी (60) और उनकी पत्नी रामबेटी घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Read More: हम बांट रहे हैं दाने, गाओ हमारे गाने… अखिलेश का योगी की नई डिजिटल मीडिया पॉलिसी पर तंज
घटना पर डिप्टी SP सत्य प्रकाश शर्मा ने कहा कि मैनपुरी के थाना बिसवा क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में यादव परिवार रहता है। यहां मकान की छत का लेंटर गिरने से परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं, JCB मशीन से लेंटर को हटा दिया गया है। कोई अन्य घायल नहीं है। उन्होंने बताया कि यह मकान 15-16 साल पुराना था, जिसके चलते भारी बारिश के कारण छत गिर गई। घटना में आगे की जांच की जा रही है।