यूपी के मथुरा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पानी की टंकी गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया है। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। टंकी गिरने के बाद लोगों में गु्स्सा में फैला हुआ है। लोग इसकी क्वालिटी और निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इसका निर्माण 3 साल पहले यानी 2021 में ही हुआ था। घटना का संज्ञान सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी लिया है। उन्होंने मृतको को 2-2लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।
फिलहाल, आगरा के डीएम ने टंकी गिरने के मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं। मथुरा सीट से भाजपा विधायक श्रीकांत शर्मा का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली इलाके के महोली रोड स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में रविवार को अचानक से पानी की टंकी गिर गई, जिस कारण दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह घटना शाम छह बजे हुई। टंकी की क्षमता करीब 2.5 लाख लीटर पानी की थी। बारिश के बीच टंकी गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हर तरफ पानी-पानी हो गया। मलबे में दर्जनों लोग दब गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया तब जाकर कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। फिलहाल, घटना में घायल लोगों का इलाज जारी है।