Anurag Singh Athlete: कहते हैं कि अगर कड़ी मेहनत आपका हथियार है तो सफलता आपकी गुलाम हो ही जाएगी। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के अनुराग सिंह ने ऐसा ही कुछ कर दिखाया है। अनुराग सिंह ने अपनी मेहनत और लगन की बदौलत महज 19 साल की उम्र में ही देशभर में मुरादाबाद मंडल का नाम रोशन किया है। उन्होंने शॉट पुट में पहले गोल्ड और अब सिल्वर मेडल जीता है।
अनुराग सिंह के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने भी उन्हें सेवा का मौका दिया है। वे जल्द ही ट्रेनों में टिकट चेक करते भी दिखाई देंगे।
गोला फेंककर जीता गोल्ड मेडल
संभल के भवालपुर के रहने वाले अनुराग सिंह किसान परिवार से आते हैं। अनुराग ने 24 से 27 अप्रैल के बीच यूएई दुबई में 21 वीं एशियन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। उन्होंने पहली बार में रिकार्ड 19.23 मीटर तक गोला फेंककर गोल्ड मेडल जीता था।
इसके बाद साउथ एशियन जूनियर एथलेक्टिस चैंपियनशिप चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में अनुराग का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने सिल्वर मेडल जीता। यहां उनके गोले ने 18.91 मीटर की दूरी तय की। अनुराग सिंह का जन्म 2005 में हुआ था। वह इस साल 24 जुलाई को 19 साल के हो गए। खेल की बदौलत रेल मुख्यालय से उनको नौकरी मिल गई।
रेलवे ने टीसी के पद पर किया नियुक्त
शुक्रवार को मुरादाबाद में अनुराग सिंह की मंडल मुख्यालय में ज्वाइनिंग हो गई। रेलवे ने उन्हें कमर्शियल कम टिकट कलेक्टर के पद पर नियुक्त किया है। रेलवे में स्पोर्टस सेक्रेट्री राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि उन्हें टीसी पद पर रखा गया है। ट्रेनिंग जल्द शुरु होगी। वही, अनुराग सिंह को रेल अफसरों ने बधाई दी।
अब ओलंपिक खेल की तैयारी में जुटे अनुराग
एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाले अनुराग सिंह की नजर अब 2028 में होने वाले ओलंपिक पर है। ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह अभी हरियाणा के सोनीपत में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उनका कहना है कि ओलंपिक में गोल्ड उनका सपना है। इसके लिए वह कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।