उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से तो बड़ी राहत मिली है। साथ ही कई स्थानों पर बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। ऐसा ही कुछ नजारा पीलीभीत में देखने को मिला। जबरदस्त बारिश के कारण पीलीभीत के पास से बहने वाली नदियां उफान पर है, जिस कारण खेत खलिहानों में बाढ़ ने फसलों को बर्बाद कर दिया है। इसके चलते सीएम योगी ने हवाई निरीक्षण किया।
दरअसल, पीलीभीत में नवादा गुजिया, मीरपुर समेत कई गांव हैं, जहां इस वक्त घरों के अंदर तक पानी भरा हुआ है। इससे लोगों को काफी परेशानियां भी हो रही हैं। उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है। ऐसे में सीएम योगी ने बुधवार को पीलीभीत में बाढ़ के हालात का जायजा लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीसलपुर तहसली पीलीभीत में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया और जरूरी कदम उठाने के दिशा निर्देश भी जारी किए।
बता दें, यूपी में इन दिनों रोजाना तौर पर भारी बारिश हो रही है। ऐसे में कई जिलों में बाढ़ की स्थिति भी पैदा हो गई है। नदियों के किनारे के गांवों में अक्सर बरसात के मौसम में लोगों को दिक्कतों और बाढ़ का सामना करना पड़ता है। ऐसे ही हालात असम में भी बने हुए हैं। असम में बाढ़ ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर रखा है। आलय यह है कि लोगों का अपना घर छोड़ना पड़ रहा है। साथ ही काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ और भीषण बारिश के कारण कई जानवरों की मौत हो गई है और अन्य जानवरों का रेस्क्यू किया जा रहा है।