भीषण गर्मी के बाद बारिश से अब मौसम सुहाना हो गया है। पहाड़ों पर भी लगातार बारिश हो रही है, जिस कारण लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। लेकिन पहाड़ों पर हो रही वर्षा का असर अब मैदानी इलाकों में भी नजर आने लगा है। गंगा के जलस्तर में भी अब तेजी से इजाफा हो रहा है। बनारस में गंगा के जलस्तर में हर घंटे 10 मिलीमीटर की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार देर शाम गंगा का जलस्तर 58.27 मीटर पहुंच गया था।
केंद्रीय जल आयोग ने शुक्रवार सुबह तक आंकड़े जारी किए थे, जिसके अनुसार 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 36 सेंटीमीटर से बढ़कर 58.17 मीटर तक पहुंच चुका था। गंगा के जलस्तर में 20 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ाव हो रहा था। दोपहर एक बजे गंगा का जलस्तर 58.22 मीटर दर्ज किया गया।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा के जलस्तर में सुबह दस बजे से 10 मिलीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ाव हो रहा है। शाम को छह बजे गंगा का जलस्तर 58.27 मीटर पहुंच चुका था और बढ़ाव जारी है। वहीं, वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग की मानें तो पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण गंगा के जलस्तर में तेजी के साथ इजाफा हो रहा है।
बता दें, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज शनिवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने उत्तराखंड में 7 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है।