Lok Sabha Election 2024: आजमगढ़ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ 1 मई को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान निरहुआ भवन नाथ मंदिर से नामांकन यात्रा शुरू करेंगे, जोकि पहाड़पुर तकिया चौक से होते हुए बिनानी गार्डन पहुंचेगी और वहां से कलेक्ट्रेट पहुंच कर निरहुआ नामांकन करेंगे। इसके अलावा लालगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर भी कल अपना नामांकन करेंगी। वह मोहम्मदपुर तिराहे से फरिया निजामाबाद तहबरपुर भंवरनाथ होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगी।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने साल 2019 में दिनेश लाल यादव को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव में उतारा था। लेकिन सपा प्रमुख ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने इस सीट से इस्तीफा दे दिया तो यहां उपचुनाव कराया गया, जिसमें दिनेश लाल निरहुआ ने सपा प्रत्याशी धमेन्द्र यादव को हरा दिया था और यहां दमदार तरीके से जीत हासिल की थी।
वहीं, आजमगढ़ जनपद के लालगंज से नीलम सोनकर पर भाजपा ने एक बार फिर से दांव लगाया है। लालगंज सुरक्षित सीट से 2014 में सांसद रही नीलम सोनकर को सपा बसपा गठबंधन के कारण 2019 के चुनाव में बसपा की संगीता आजाद से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भी क्षेत्र में पूरी तरह से सक्रिय रहीं। पार्टी ने उन्हें प्रदेश टीम में शामिल किया, लेकिन जब भी वह जिले में रहती यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शरीक होती रही। इसके चलते उनकी जनता के बीच एक अलग छवि बन गई।