CM Yogi Addressed public meeting In Kathua: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने पहली बार जम्मू पहुंचे। बुधवार को योगी आदित्यनाथ ने कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने यहां मोदी सरकार के कार्यों का जिक्र किया तो वहीं विपक्षी पार्टियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। सीएम ने जम्मूवासियों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने जम्मू की धरती को आराध्य देवों, ऋषि मुनियों की साधना स्थली, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए बलिदान करने वालों की भूमि बताया।
एक्सीडेंटल हिंदुओं ने तो राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे
सीएम योगी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस राम मंदिर का निर्माण नहीं कर पाती। कांग्रेस ने कहा था कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। इन लोगों ने राम-कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर हमारे आराध्य देवों को नकारने का प्रयास किया। एक्सीडेंटल हिंदुओं ने राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे, लेकिन आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण भी हो गया।
दिल्ली का लाल किला हो या जम्मू का लाल चौक, चारों ओर उत्साह है
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद की जड़ धारा-370 को समाप्त कर साबित कर दिया कि दिल्ली का लाल किला हो या जम्मू का लाल चौक, चारों ओर उत्साह है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सत्ता प्राप्त करने की चाह ने आजादी के एक दिन पहले देश का विभाजन करा दिया, लेकिन भाजपा ने स्वतंत्र भारत में हमेशा एक ही धर्म माना, वह है राष्ट्रधर्म। राष्ट्र हमारे लिए सर्वोपरि है। सीएम ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत आस्था कुछ भी हो, यदि वह राष्ट्र के मार्ग में बाधक है तो उसे दरकिनार कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता व अखंडता उनके लिए सर्वोपरि है।
कटोरा लेकर दुनिया के अंदर भीख मांगता दिख रहा पाकिस्तान
सीएम योगी ने कहा कि 140 करोड़ लोगों में से 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है। अगले पांच वर्ष तक यह सुविधा मिलेगी तो दूसरी तरफ 1947 में भारत से अलग हुआ पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनिया के अंदर भीख मांगता दिखाई दे रहा है। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का आज दुनिया में सम्मान है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि पाकिस्तानी घुसपैठ करके हमारी सुरक्षा में सेंध लगाएगा। अब पटाखा भी फूट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि मेरा हाथ नहीं है। उसे मालूम है कि कुछ हो गया तो लेने के देने पड़ेंगे। मजबूत सरकार होती है तो सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होती है।
मैं वोटबैंक के लिए अयोध्या जाना नहीं छोड़ सकता: CM योगी
सीएम ने कहा कि पहले लोग खुद को हिंदू बोलने में भी संकोच करते थे। अयोध्या का नाम लेने में लोग डरते थे। 2017 में जब मैं यूपी का मुख्यमंत्री बना तो अयोध्या गया। अचरज होकर लोगों ने कहा कि यह क्या कर रहे हैं, कुछ लोग नाराज हो जाएंगे। मैंने कहा कि हो जाएंगे तो होने दो। मैं जनआस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। वोट बैंक के लिए यह नहीं हो सकता। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारी करो। अच्छी सरकार बनती है तो 500 वर्षों का इंतजार भी समाप्त हो जाता है।
इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अशोक कौल, प्रदेश महासचिव डॉ. डीके मनाल, सुनील सेठी आदि मौजूद रहे।