लोकसभा चुनाव 2024 के बाद से ही योगी सरकार सख्त नजर आ रही है। इसी बीच प्रदेश में लगातार तबादलों का दौर भी जारी है। जी हां… यूपी में आईपीएस अधिकारियों के बाद अब आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए गए हैं। मंगलवार को 12 से ज्यादा आईएएस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। इसमें कई जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं। मुरादाबाद, सीतापुर, सहारनपुर, कासगंज समेत कई जिलों के डीएम बदल दिए गए है। आईएएस अभिषेक आनंद सीतापुर के डीएम बनाए गए है।
इन अधिकारियों के हुए तबादले
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद के जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह पद से हटा दिए गए हैं। उनकी जगह अनुज कुमार सिंह को मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही आईएएस अभिषेक आनंद को सीतापुर जिले का डीएम बनाया गया है। इसके अलावा औरैया की डीएम नेहा प्रकाश डीएम पद से हटा दी गई है। आईएएस मनीष बंसल सहारनपुर के नए जिलाधिकारी बनाये गए है। आईएएस मेधा रूपम कासगंज की जिलाधिकारी बनाई गई है। जबकि राजेन्द्र पैसिया संभल के नए जिलाधिकारी बनाये गए हैं।
इनका भी हो चुका है ट्रांसफर
बता दे, इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में 24 जून को सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2 अफसरों के तबादले किए थे। प्रशासन की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी वैभव कृष्णा और अखिलेश कुमार का ट्रांसफर किया गया है। वैभव कृष्ण को आजमगढ़ का नया डीआईजी बनाया गया है। वैभव अभी तक डीआईजी सुरक्षा उत्तर प्रदेश के पद पर कार्यरत थे। वह 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी अखिलेश कुमार को आजमगढ़ के डीआईजी पद से हटाकर आईजी ईओडब्ल्यू, उत्तर प्रदेश कार्मिक बनाया गया है।