SP Leaders Join BJP: लोकसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। गोसाईगंज सीट से सपा विधायक अभय सिंह के पिता और पत्नी सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। उनके अलावा बसपा के कई बड़े नेताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की अध्यक्षता में सभी नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सपा विधायक के पिता-पत्नी भाजपा में शामिल
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। लोकसभा चुनाव के बीच सपा के कई नेताओं ने पार्टी से नाता तोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। सपा विधायक और अखिलेश के बेहद करीबी अभय सिंह की पत्नी सरिता सिंह और उनके पिता भगवान सिंह बख्श आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक की मौजूदगी में सभी सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ली। सपा विधायक अभय सिंह ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी से बगावत कर भाजपा के उम्मीदवार को वोट दिया था, जिसके बाद उनको Y श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी।
सपा, कांग्रेस और बसपा के नेताओं ने थामा भाजपा का दामन
सपा के अलावा कांग्रेस और बसपा के कई नेताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के पूर्व सांसद संतोष कुमार सिंह, बसपा सरकार में मंत्री रहे चौधरी सरदार सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह, गोरखपुर की खजनी सीट से पूर्व विधायक पहलवान सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के पौत्र सोमेशपति त्रिपाठी, बसपा के मंडल कॉर्डिनेटर करुणाकर पांडे, बसपा के वरिष्ठ नेता कुंवर वकील चंद्र, नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला देवी और नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी समेत कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने दी बधाई
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा “आज लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों से आए नेतागणों पूर्व मंत्री श्री सरदार सिंह जी, पूर्व सांसद श्री संतोष सिंह जी एवं कई पूर्व विधायकगणों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराते हुए, हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मा० क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा अवध क्षेत्र श्री कमलेश मिश्रा जी, मा० प्रदेश मंत्री श्री शिव भूषण जी, मा० प्रदेश मंत्री श्री शंकर सिंह लोधी जी, मा० प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनीष दीक्षित जी, मा० सह मीडिया प्रभारी श्री हिमांशु जी एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।”
आज लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों से आए नेतागणों पूर्व मंत्री श्री सरदार सिंह जी, पूर्व सांसद श्री संतोष सिंह जी एवं कई पूर्व विधायकगणों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराते हुए,… pic.twitter.com/jxzFBMWJpX
— Brajesh Pathak (मोदी का परिवार) (@brajeshpathakup) April 22, 2024